ललितपुर। ब्लॉक महरौनी अंतर्गत ग्राम धवारी में खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी करने पर उचित दर विक्रेता के खिलाफ प्रभारी पूर्ति निरीक्षक ने एफआईआर दर्ज कराई है।
ब्लॉक महरौनी अंतर्गत ग्राम धवारी के ग्रामीणों ने कोटेदार पर कार्ड पर खाद्यान्न न देने और कार्ड फाड़ने की शिकायत उपजिलाधिकारी महरौनी से की थी। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक को कोटेदार की जांच करने के आदेेश दिए गए थे। प्रभारी पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने ग्राम धवारी जाकर कोटेदार बलराम की उचित दर की दुकान पर जाकर जांच की, जिस पर उन्होंने पाया कि कोटेदार द्वारा मिट्टी का तेल 16.35 रुपए प्रति लीटर के स्थान पर 20 रुपए प्रति लीटर दिया जा रहा है।
चीनी 5.506 क्विंटल जून का उठान कराया गया, जबकि जुलाई हेतु 6.306 क्विंटल उठान किया गया। लेकिन अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्ड पर चीनी वितरण नहीं किया गया। इसके साथ ही दुकान पर सूचनाएं भी प्रदर्शित नहीं पाई गईं। इस पर प्रभारी पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने उचित दर विक्रेता के खिलाफ महरौनी थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
-
आधा दर्जन से अधिक दुकानें निलंबित
प्रभारी पूर्ति निरीक्षक ने उचित दर विक्रेताओं की 25 दुकानों का निरीक्षण किया, जिसमें आधा दर्जन दुकानों पर अनियमितताएं पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया। इनमें उचित दर विक्रेता पुष्पाबाई भौंड़ी, जय कुमार बंहौरीकलां, हीरालाल सौंरई, बृजकिशोर अर्जुन खिरिया, लखन गौना, मुकेश दरौनी, कुसुमरानी खैरपुरा की दुकानें निलंबित कर दी गई हैं।
जमानत राशि की जब्त
कोटेदारों द्वारा बरती जा रही अनियमिताओं के चलते प्रभारी पूर्ति निरीक्षक द्वारा कार्रवाई करते हुए धर्मेंद्र तिवारी कोरवास की दो हजार राशि, सुमित्रादेवी बरौदिया की दो हजार राशि, जगदीश डोंगराकलां की दो राशि और मिथलेश जरावली की एक हजार रुपए की प्रतिभूति राशि जब्त कर ली गई है।