नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी डी प्रदीप कुमार ने चौथे फरार आरोपी के गिरफ्तारी की जानकारी दी।
गौरतलब हो कि तीन अप्रैल की रात में एसपी कार्यालय के सामने स्थित फूटा बंगला मैदान में मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस व स्वॉट टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर छह अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गिरफ्तार किए गए आकिब, हबीब, सारिक ने पूछताछ में बताया था कि एक अज्ञात युवक पीड़िता को ले जा रहा था। इनका पीछा करते हुए तीनों भी अपराध में शामिल हो गए। आरोपियों ने चौथे मुख्य आरोपी की फोटो मोबाइल से खींची थी, जिसके सहारे पुलिस ने चौथे आरोपी की तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सामूहिक दुष्कर्म का मुख्य आरोपी देवगढ़ रेलवे क्रासिंग के पास खड़ा है। कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह राठौर व स्वाट टीम प्रभारी देवी सिंह ने घेराबंदी कर उसको गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान झांसी के सीपरी बाजार के सायनी विहार कालोनी निवासी जावेद खान उर्फ आजाद खान उर्फ दुल्ले पुत्र अब्दुल सलीम के तौर पर हुई। आरोपी ने पूछताछ में सामूहिक दुष्कर्म की घटना में शामिल होना कबूल कर लिया। एसपी ने बताया कि जावेद खान सामूहिक दुष्कर्म का मुख्य आरोपी है। यही पीड़िता को बहला फुसलाकर फूटा बंगला ले गया था, जहां तीन अन्य आरोपियों ने उसे लड़की के साथ पकड़ लिया था और मोबाइल से उसकी तस्वीर भी खींची थी। आरोपी जावेद नशेबाजी का आदी है।
यह था मामला
चार अप्रैल की सुबह बस स्टैंड के पास रक्तरंजित अवस्था में एक किशोरी पड़ी हुई मिली थी। किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना की जानकारी मिली। पीड़िता की हालत गंभीर देखते हुए उसे झांसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चौथे आरोपी की तलाश की जा रही थी, जिसे बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।
टीम को मिला इनाम
सामूहिक दुष्कर्म के मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसपी द्वारा पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। पुरस्कृत होने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह राठौर, एके सिंह, देवी सिंह, एचपी बुधौलिया, श्याम सुंदर यादव, संदीप कुमार, रामशरण द्घिवेदी, गंभीर सिंह, रवींद्र प्रताप सिंह, कप्तान सिंह, बसंत पाठक, संजय भदौरिया, धीरेंद्र सिंह आदि शामिल हैं।