महरौनी (ललितपुर)। कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम टेनगा में एक नाबालिग से बलात्कार का मामला सामने आया है। पीड़िता को धमकाकर आरोपी उसके साथ बलात्कार करता रहा, जिससे वह गर्भवती हो गई। जब इसकी भनक परिजनों को लगी तो पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली महरौनी में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
ग्राम टेनगा की एक महिला ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गरीब महिला है। उसकी पंद्रह वर्षीय पुत्री खेत पर बकरियां चराने जाती थी। गत वर्ष 17 अक्तूबर को उसकी पुत्री खेत पर बकरिया चरा रही थी तभी गांव में ही रहने वाला रजन ढीमर आया और खेत के समीप एक नाले में जबरन उसे पकड़ कर ले गया। आरोप है कि रजन ने पुत्री को जान से मारने की धमकी देकर बलात्कार किया और मौके से भाग गया।
इसके बाद आरोपी ने लड़की को धमकाकर तीन बार बलात्कार किया। आरोपी के डर से नाबालिग चुपचाप यौन उत्पीड़न सहती रही। इस दौरान वह गर्भवती हो गई और इसकी भनक परिजनों हुई। जब उन्होंने पूछा तो पुत्री ने अपनी आपबीती बताई। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के विरुद्ध बलात्कार का मामला पंजीकृत कर लिया।
किशोरी को बुरी नीयत से दबोचा
महरौनी(ललितपुर)। कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम खिरिया लटकनजू में खेत पर जा रही एक किशोरी को गांव के युवक ने बुरी नीयत से दबोच लिया और बलात्कार करने की कोशिश की। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
ग्राम खिरिया लटकनजू की महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी 13 वर्षीय नातिन 22 फरवरी की सुबह अपने खेत पर जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान गांव का युवक मनोज कुर्मी आया और एकांत पाकर किशोरी को बुरी नीयत से पकड़ लिया। पीड़िता ने घटनाक्रम के बारे में अपनी दादी को आकर बताया तो परिजनों ने पुलिस की शरण ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।