तालबेहट (ललितपुर)। सोमवार को नगर के पुराने बस स्टैंड स्थित पुलिस सहायता केंद्र के बाहर अपने पिता के इंतजार में खड़े पांच वर्षीय बालक को ऑटो ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे उपचार के लिए झांसी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वह अपनी मां व पिता के साथ आठ माह की बहन के उपचार हेतु तालबेहट आया था।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम कड़ेसराकलां निवासी भरत प्रजापति सोमवार को अपनी पत्नी गीता एवं पांच वर्षीय पुत्र साहित्य के साथ अपनी आठ माह की बीमार पुत्री का इलाज कराने तालबेहट आया था। पुराने बस स्टैंड के पास साहित्य और उसकी मां पुलिस सहायता केन्द्र पर बैठ गई तथा भरत फल लेने चला गया। इसके बाद साहित्य सहायता केन्द्र के बाहर खड़ा होकर पिता के आने का इंतजार कर रहा था। इसी बीच ललितपुर की ओर से तेजी गति से आ रहे ऑटो क्रमांक यूपी 94 टी 0475 के चपेट में आने से साहित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी तालबेहट लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, परंतु गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे झांसी ले जाने लगे, परंतु रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
भरत शंकरलाल प्रजापति की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो क्रमांक यूपी 94 टी 0475 के चालक तालबेहट के निषाद नगर निवासी अजमेरी उर्फ कल्लू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।