कब होगी खनन के अवैध भंडारण पर कार्रवाई
बिना लाइसेंस के किया जा रहा है भंडारण
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
जिला मुख्यालय पर प्रशासन की नाक के नीचे घनी आबादी व मुख्य मार्गों के किनारे खनन भंडारण की अवैध व नियम विरुद्ध तरीके से टालें लंबे समय से खुलेआम संचालित की जा रही हैं। खनिज विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारी इन पर अंकुश लगाने में असमर्थ नजर आ रहे हैं।
खनिज विभाग के नियमानुसार शहर की घनी आबादी क्षेत्र में और मुख्य मार्ग से 50 मीटर की दूूरी से पहले निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाले खनन भंडारण यानी बालू, गिट्टी और बोल्डर का भंडारण नहीं किया जा सकता है। भंडारण के लिए विभाग द्वारा लाइसेंस भी जारी किया जाता है, जिसके बदले लाइसेंस शुल्क किया जाता है। शहर में भंडारण की दर्जनों टालें अवैध तरीके से लंबे समय से संचालित हो रही है, इससे विभाग को लाइसेंस शुल्क के रुप में वसूले जाने वाले लाइसेंस शुल्क का नुक्सान भी पहुंच रहा है। इसके अलावा अवैध तरीके से संचालित हो रही यह टालें रॉयल्टी चोरी करके भी विभाग को राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं, क्योंकि इन अवैध टाल संचालकों से रॉयल्टी का हिसाब लेने वाला भी कोई नहीं है। यह अवैध भंडारण या टाल संचालित करने वाले अधिकारियों को भ्रमित करने के लिए अनूठा तरीका अपनाते है, यह लोग ऐसे इलाके या कॉलोनियां जहां पर निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहीं पर किसी खाली मैदानों में अपना स्टॉक कर लेते हैं या फिर सीधे ग्राहक के पास सामग्री पहुंचा देते हैं। शहर के दर्जनों इलाकों में भारी संख्या में अवैध व अवैधानिक तरीके से टालें संचालित की जा रही हैं। शहर के मुहल्ला तालाबपुरा में रामलीला मैदान में मुख्य मार्ग पर, तालाबपुरा में बिदुआ कॉलोनी में, करीम नगर तिराहे पर, मुुहल्ला आजादपुरा में, इंद्र प्रस्थ के सामने रेलवे स्टेशन मुख्य मार्ग पर, सदनशाह क्षेत्र में, मुहल्ला पिसनारी में नहर के पास राजघाट मुख्य मार्ग के किनारे, नवीन गल्ला मंडी के पास, खिरकापुरा में मंदिर के सामने व चौकाबाग क्षेत्र समेत अनेकों जगहों पर खनन का अवैध भंडारण किया जा रहा है।
उखड़ रही शहर की सड़कें
बीच शहर में घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संचालित हो रहे इन खनन भंडारण की टालों से शहर की सड़कों की सूरत भी लगातार खराब हो रही है। बालू, गिट्टी व ईंटों से भरे भारी वाहन शहर की सड़कों से गुजरते हैं, इससे सड़कें कमजोर होकर उखड़ रही है। विभाग को राजस्व की क्षति पहुंचाने के साथ जनता को समस्या खड़ी करने का भी काम किया जा रहा है।
निरंतर जारी है कार्रवाई
अवैध खनन व भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। कहीं चोरी छिपे भंडारण किया गया है, तो उनके खिलाफ की सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
- अरविंद कुमार
जिला खनिज अधिकारी, ललितपुर।