अमान्य विद्यालयों पर मेहरबान बेसिक शिक्षा विभाग
ललितपुर।
बिना मान्यता के अवैध तरीके से संचालित हो रहे विद्यालयों के खिलाफ प्रदेश सरकार सख्ती से पेश आ रही है, लेकिन जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के स्थानीय अधिकारी इस मामले में गंभीर नहीं है। एक माह पहले बेसिक शिक्षा विभाग के निदेशक ने अमान्य विद्यालयों को बंद कराकर एक सितंबर तक सूची मांगी थी, लेकिन अभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने अपने क्षेत्र में संचालित अमान्य विद्यालयों की सूची तक तैयार नहीं की है। अभी तक केवल विकासखंड बार और मड़ावरा के ही खंड शिक्षा अधिकारियों ने अमान्य विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराई गई है।
बिना मान्यता के अवैध तरीके से संचालित हो रहे विद्यालयों के खिलाफ हमेशा से ही कार्रवाई की जा रही है, लेकिन यह कार्रवाई केवल कागजों पर दिखावा तक ही सीमित होकर रह जाती है। लेकिन प्रदेश में सरकार बनने के बाद योगी सरकार इन अमान्य विद्यालयों के खिलाफ सख्ती से पेश आ रही है। शासन के साफ निर्देश हैं कि अमान्य विद्यालयों को चिह्नित करके उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। अमान्य परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों को चिह्नित करने के लिए प्रत्येक जनपद में ब्लॉक स्तर पर जांच टीम भी निर्धारित की गई है। इन सबके बावजूद अमान्य विद्यालयों पर जिला बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की लगातार महरबानी बनी हुई है। कक्षा 09 से 12वीं तक चलने वाले लगभग एक दर्जन विद्यालयों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है, लेकिन परिषदीय विद्यालयों को अभी तक चिह्नित भी नहीं किया गया है। इस संबंध में शासन ने बीते माह शासनादेश जारी करके एक सितंबर तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से सूची मांगी थी कि अब तक बंद कराए गए अमान्य विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराए, लेकिन एक माह बीत गया है, अभी तक कोई सूची तैयार नहीं की गई है। वहीं, 14 सितंबर को भी संयुक्त शिक्षा निदेशक ने भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी करके सूची मांगी थी। शासन के लगातार निर्देशों के बाद भी जिला बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी अमान्य विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई करने से कतरा रहे हैं।
बार में 06 और मड़ावरा में 18 है अमान्य विद्यालय
जनपद में अमान्य विद्यालयों की भरमार है, लेकिन जानकारी होने के बावजूद अधिकारी इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। शासन द्वारा लगातार मांगी जा रही सूचना के क्रम में अभी तक केवल दो ही विकास खंडों के खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने क्षेत्र में संचालित अमान्य विद्यालयों को चिह्नित करके सूची बीएसए कार्यालय में सौंपी गई है। खंड शिक्षा अधिकारी बार द्वारा सौंपी गई सूची के आधार पर बार क्षेत्र में 06 अमान्य विद्यालय और खंड शिक्षा अधिकारी मड़ावरा द्वारा सौंपी गई सूची के आधार पर मड़ावरा क्षेत्र में कुल 18 अमान्य विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि अभी तक इन विद्यालयों के खिलाफ भी विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
मांगी गई है सूचना
समस्त खंड शिक्षा अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित अमान्य विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने के लिए सख्ती से निर्देश दे दिए है। वर्तमान में कुल इलाकों की सूची उपलब्ध हो चुकी है।
-अम्बरीष कुमार
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, ललितपुर।