ट्रेन से गिरकर सरकारी कर्मचारी की मौत
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत राजघाट चौकी क्षेत्रांतर्गत सिलगन व खुरा गांव के मध्य स्थित पुल के नीचे ट्रेन से गिरकर आरईएस विभाग के कर्मचारी की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झांसी के सीपरी बाजार स्थित मसीहागंज निवासी मनोज कुमार वर्मा पुत्र कामता प्रसाद वर्मा जालौन जिले में आरईएस विभाग में बड़े बाबू के पद पर तैनात हैं। बुधवार की रात वह उरई से किसी आवश्यक कार्य के लिए ट्रेन से ललितपुर आ रहे थे। इसी दौरान देर रात शहर कोतवाली क्षेत्र के सिलगन और खुरा गांव के बीच स्थित पुल के पास ट्रेन से नीचे गिर गए। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने शव के पास मिले कागजों के आधार पर शिनाख्त की और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शिनाख्त की और पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में बड़े थे, उनके दो पुत्री हैं।