पत्थर से कुचलकर टैक्सी चालक की निर्मम हत्या
ललितपुर/जखौरा। शुक्रवार की सुबह जखौरा थाने के किसलवास गांव निवासी टैक्सी चालक रामकिशन लोधी की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक एमएम बेग, सीओ तालबेहट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। वहीं फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ शक के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीनों आरोपियों के साथ मृतक ने बृहस्पतिवार की रात पार्टी की थी और आखिरी बार उन्हीं के साथ देखा गया था। हत्या को लेकर क्षेत्र में कई कयास लगाए जा रहे हैं।
शुक्रवार की सुबह पांच बजे गांव के ही एक पिकअप चालक ने किसलवास-हरदौल रोड पर पत्थर से कुचला हुआ शव देख पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव का चेहरा बुरी तरह कुचला होने के कारण उसकी शिनाख्त करने में कठिनाई हो रही थी। मौके पर पहुंचे मृतक के चाचा रामकिशन ने उसके कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त भतीजे रामकिशन लोधी पुत्र बाबूलाल उम्र 33 साल के रूप में की। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। मृतक के भाई चतुर ने पुलिस का बताया कि बृहस्पतिवार की रात उसके भाई रामकिशन ने घर के बाहर स्थित पत्थर पर गांव के हरभजन पुत्र फेरन लोधी व कृष्णपाल पुत्र रघुवीर के साथ शराब की पार्टी कर रहा था। रात करीब 12 बजे जब वह घर आया तो मृतक की पत्नी प्रीति ने खाना खाने की बात कही। तभी उसके मोबाइल पर गांव निवासी कमल सिंह पुत्र दयाराम लोधी का फोन आया। कमल ने रामकिशन से कहा कि वह उसके घर पर खाना खा ले और कुछ रुपये लेकर आ जाए। रामकिशन ने जेब में चालीस रुपये होने की बात करते हुए घर से जाने लगा। इस पर प्रीति ने विरोध किया, लेकिन वह दरवाजे की कुंडी बाहर से लगाकर निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह गांव के सिरनाम लोधी के घर के पास उसका रक्तरंजित अवस्था में शव पड़ा हुआ था। शव के कुछ दूरी पर उसका टूटा हुआ मोबाइल भी पड़ा हुआ था। मृतक के भाई ने पार्टी करने व उसे घर बुलाने वाले तीन लोगों पर हत्या करने का शक जाहिर किया है। पुलिस ने मृतक के भाई के शक के आधार पर तीनों संदिग्धों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस को ग्रामीणों ने काफी जानकारियां दी है। इसमें अवैध संबंधों की चर्चाओं से भी बाजार गर्म है। पुलिस हत्या के संभावित सभी कारणों को लेकर तफ्तीश मे जुटी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
-
हर पहलू की हो रही जांच
हत्या से जुडे़ हर संभावित पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। टीमों को निर्देशित करते हुए शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक