पुलिस अधिकारी पैदल गश्त कर दे रहे सुरक्षा का संदेश
सीसीटीवी कैमरों में कैद टप्पेबाजी की घटनाएं, लेकिन कोतवाली में नहीं हो रही दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। इन दिनों जहां पुलिस विभाग के अफसर शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा का भरोसा दिलाने के काम कर रहे है, वहीं दूसरी ओर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में होने वाली टप्पेबाजी व अन्य आपराधिक घटनाओं पर पर्दा डालने का काम कर रही हैं। इससे पीड़ितों को इंसाफ नहीं मिल पा रहा है और आपराधिक घटनाओं व अपराधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
जनपद के पुलिस अधीक्षक डा.ओपी सिंह व अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा जनता की सुरक्षा व अपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के क्रम में बीती शुक्रवार की रात अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता व सदर क्षेत्राधिकारी हिंमाशु गौरव ने पुलिस बल के साथ शहर के मुख्य मार्गो व बाजारों में पैदल गस्त कर जनता को सुरक्षा व भय मुक्त माहौल देने की कावयद करते नजर आए थे। वहीं दूसरी ओर कोतवाली पुलिस नगर व क्षेत्रों में हो रही टप्पेवाजी की बारदातों की घटना की लीपापोती कर रही है। हाल में कोतवाली में तैनात कोतवाली प्रभारी के कार्यकाल में हुई टप्पेवाजी की किसी भी बारदात पर एक भी मामला दर्ज नहीं किया है। पीड़ित व उनके परिजन कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोतवाली में पुलिस घटनाओं को दबाने में लगी हुई है। यहां तक की घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में तक कैद हो चुकी है, फिर भी पुलिस घटनाओं को स्वीकार नहीं रही है। इससे आपराधिक घटनाएं कम होने की जगह और बढ़ रही हैं। वहीं इसके अलावा भी अन्य मामलों में भी पीड़ितों को कोतवाली के चक्कर काटने पड़ रही हैं। इसी का नतीजा है कि शानिवार को कोतवाली परिसर में आयोजित समाधान दिवस पीड़ितों व फरियादियों को मेला लगा रहा।
==============
इन टप्पेबाजी की वारदातों पर नही की गई कार्रवाई
घटना नंबर 1
बीते शुक्रवार को कस्बा बिरधा में सब्जी लेने गई ग्राम प्रधान पटऊवा की भाभी मुन्नी भी जब बाजार गईं हुई थी, तभी दो टप्पेबाजों ने महिला को निशाना बनाते हुए उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर उसका सोने का मंगलसूत्र, कान की वाली व 05 हजार रुपए लेकर भाग गए। टप्पेवाजी की वारदात कस्बे में स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान में कैद हो गई। फुटेज में टप्पेबाजों को बाइक से आने की वारदात भी कैद होने के बावजूद भी कोतवाली पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
घटना नंबर 2- विगत 28 मई जब नेहरू नगर के मुहल्ला जुगपुरा निवासी बिन्नू राजा पत्नी सुनील यादव देर शाम जब मुहल्ले की महिला मिथलेश के साथ बाजार करने गई हुई थी, तभी टप्पेबाजों ने उन्हें अपनी बातों के झांसे में लेते हुए जमीन पर पड़ी एक रूमाल में बंधी पोटली को नोट की गड्डी बताकर कानों की झुमकी, तीन जोड़ी मंगलसूत्र व 15 हजार की नगदी लेकर भाग गए। घटना सदर चौकी से सामने घटित दिन दहाड़े व बीच बाजार घटित हुई थी।
घटना नंबर 3- विगत 23 मई को जब थाना जाखलौन के ग्राम जीरोन निवासी रचना गांव से शहर साड़ी की खरीदारी करने के लिए आई हुई थी। इस दौरान वह एक बड़ा पर्स लिए हुई थी, जिसके अंदर एक छोटे पर्स में वह एक जोड़ी सोने की झुमकी व नगदी रखे हुई थी। जब उसने बड़े पर्स को खोलकर देखा तो उसका छोटा पर्स गायब था। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
घटना नंबर 4- विगत 06 मई को नगर के मुहल्ला तालाबपुरा निवासी राघवेंद्र पवार पुत्र शिवराज ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया था, कि जब वह काम पर गया हुआ था, और उसकी पत्नी स्कूल पढ़ाने गई हुई थी। तभी एक टप्पेबाज ने घर में आठ वर्षीय बालक के होने का फायदा उठाकर टप्पेबाजी की बारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था। पर घर में कोई जेबरात व नगदी न मिलने पर उसे खाली हाथ ही लौटना पड़ा था। इस टप्पेबाज की तस्वीर भी पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।