स्कूलों में मिलीं खामियों को दूर करने के निर्देश
ललितपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विकासखंड बार के राजकीय इंटर कॉलेज व हाईस्कूल का निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर नाराजगी जाते हुए दूर करने के निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक राम शंकर सुबह करीब 11 बजे बार के राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कक्षाएं संचालित होती नही ंमिलीं। अध्यापकों ने बताया कि प्रवेश का कार्य चल रहा है, इस कारण कुछ समय पूर्व की बच्चों की छुट्टी कर दी गई है। कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार त्रिपाठी के बारे में बताया कि वह राजकीय इंटर कॉलेज ललितपुर में हैं। उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर वरिष्ठ सहायक लिपिक वृंदावनलाल के हस्ताक्षर लाल पेन से किए गए क्रॉस के कॉलम के ऊपर मिले, जिस पर उनसे जवाब मांगा गया। विद्यालय में गंदगी भी मिली। विद्यालय भवन के सामने नावार्ड योजना अंतर्गत निर्माणाधीन भवन का काम अधूरा पाया गया।
करीब सवा एक बजे डीआईओएस ने राजकीय हाईस्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय कार्यवाहक प्रधानाध्यापक शिखा कौशल विद्यालय में उपस्थित नहीं मिलीं। जबकि, डीआईओएस ने कुछ देर पहले राजकीय इंटर कॉलेज बार के निरीक्षण के दौरान स्कूल में ही रुकने के लिए कहा था। विद्यालय की छुट्टी होने के बाद पंद्रह मिनिट भी प्रभारी प्रधानाचार्या नहीं रुकीं। डीआईओएस के दोबारा फोन करने पर कुछ समय बाद वह विद्यालय आईं। निरीक्षण करने पर विद्यालय के कमरों की छतें लीकेज मिलीं। कक्षों में भी पानी भरा हुआ था। दीवारों में दरारें एवं पानी से भीगी हुई थीं।