संदिग्ध परिस्थितियों में कुए में मिला महिला का शव
ललितपुर। जाखलौन थानांतर्गत जीरोन गांव निवासी महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिला। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने पति से विवाद होने पर कुएं में कूदकर आत्महत्या करने और ससुरालीजनों ने शौच के लिए जाते समय फिसलकर कुएं में गिर जाने की बात कही है।
जीरोन गांव निवासी कुअरबाई (35) पत्नी देवेंद्र बुनकर बुधवार की सुबह बाहर गई हुई थी। देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। इसी दौरान दोपहर दो बजे गांव के भवानी शंकर पुरोहित के कुएं में लाश मिलने की परिजनों को सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ससुरालीजनों ने बताया कि शौच क्रिया के लिए जाते समय फिसल कर गिर गई। इससे मौत हो गई। वहीं, मृतका के भाई नाराहट थानाक्षेत्र के पटना गांव निवासी राममिलन पुत्र भगवानदास ने बताया कि जब मौके पर पहुंचा तो देखा कि कुएं के बाहर लोटा और चप्पलें रखी हुई हैं। कुएं में फिसलकर गिरने पर यह सामान बाहर नहीं रहते। उसने बताया कि कुअरबाई का पति से विवाद हो गया था, इससे क्षुब्ध होकर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।