ललितपुर। वैश्विक बीमारी कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार अलर्ट पर है। अन्य प्रदेशों से आने वाले सभी बाहरी लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीम थर्मल स्क्रीनिंग रह रही है। लक्षण पाए जाने पर मेडिकल क्वारंटीन किया जा रहा है। बिना लक्षण के लोगों को होम क्वारंटीन किया जा रहा है। अब तक जिले में 11 हजार लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। साथ ही 159 लोगों को मेडिकल क्वारंटीन किया गया है।
बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों से कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए होम क्वारंटीन की सुविधा है। संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीम गठित की गई हैं, जो प्रशासन, ग्राम प्रधान व अन्य लोगों के माध्यम से सूचना मिलने पर प्रवासी मजदूर के घर पहुंच रहीं है, जहां पर बाहर से आए सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करके लक्षणों की खोज की जा रही है। इस दौरान यदि किसी में लक्षण नहीं मिलते हैं तो होम क्वारंटीन किया जाता है।
होम क्वारंटीन होने वाले परिवार के सदस्य को एक चिट दी जा रही है, इसमें उसके आने की तिथि की जानकारी दी जाती है। कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी भी दी जाती है। इसके अलावा पर्ची में इस परिवार के सदस्यों से दूरी बनाए रखने व बाहर न निकलने की जानकारी दी जाती है।
लॉकडाउन होने से अब तक जिले में बाहर से 11,597 लोग आए हैं, जिनकी स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच की गई है। इसमें से 11,434 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण के किसी भी प्रकार के लक्षण नहीं पाए गए हैं, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया है। अब यह लोग अपने घरों में रह रहे हैं। यह न तो किसी से मिल सकते हैं और न ही इनसे मिलने की अनुमति किसी को दी गई है। इस दौरान किसी भी प्रकार के लक्षण होने पर स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जिले में बाहर से आने वाले 159 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध पाए जाने पर मेडिकल क्वारंटीन किया गया, जहां पर इनकी सैंपलिंग कराई गई। जांच रिपोर्ट आने के बाद क्वारंटीन से छोड़ दिया गया है। वर्तमान में 143 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है और 16 लोग मेडिकल क्वारंटीन में हैं।
1195 सैंपल लिए
जिले मे अब तक 1195 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें कोटा से आए छात्र, साथ में लौटी पुलिस, जेल के कैदी व कर्मी के साथ ही आइसोलेशन वार्ड में तैनात कर्मचारी, नगर पालिका में सफाई करने वाले 22 कर्मचारियों के सैंपल शामिल हैं।
जिले में बाहर से आए लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। लक्षण नहीं होने पर होम क्वारंटीन किया जा रहा है। अब तक 11 हजार से अधिक लोग होम क्वारंटीन किए गए हैं।
- डा. प्रताप सिंह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी