ललितपुर। लॉकडाउन के दो माह बीतने के बाद भी एक जून से रेलवे द्वारा सौ विशेष ट्रेनों का संचालन शुरु किया जा रहा है। इनमें सचखंड एक्सप्रेस, कुशीनगर, साबरमती, पुष्पक व जबलपुर- निजामुद्दीन एक्सप्रेस विशेष ट्रेन बनकर संचालित की जाएंगी, जिनका ललितपुर में पूर्व की तरह ठहराव रहेगा। शुक्रवार से रेलवे स्टेशन स्थित टिकटघर पर रिजर्वेशन काउंटर शुरु किया गया, जहां आरक्षण की सुविधा शुरु हो गई है।
कोरोना महामारी से बचाव के लिए केंद्र सरकार द्वारा दो माह पूर्व 25 मार्च से पूरे देश में एक साथ लॉकडाउन शुरु किया था। इसके तहत ट्रेनों का संचालन भी पूरी तरह बंद कर दिया गया था। हालांकि, चौथे लॉकडाउन के दौरान कुछ विशेष श्रमिक ट्रेनों का निर्धारित नियमों के तहत संचालन शुरु किया गया, ताकि अन्य राज्यों में फंसे श्रमिकों को उनके गृह जनपद पहुंचाया जा सके।
अब भी हजारों लोग विभिन्न राज्यों या जनपदों में फंसे हुए हैं, जो यात्रा का कोई साधन नहीं होने के कारण अपने प्रदेश व जनपद में नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे लोगों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा एक जून से 100 जोड़ी विशेष सवारी ट्रेनों का संचालन शुरु किया जा रहा है। इनमें से कुशीनगर एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, जबलपुर -निजामुद्दीन एक्सप्रेस को विशेष ट्रेन का दर्जा देकर उनके पूर्व निर्धारित नियमित स्टॉपेज दिए गए हैं और पूर्व की तरह यह ट्रेन ललितपुर स्टेशन पर ठहरेंगी। इसके लिए शुक्रवार से टिकट घर में रिजर्वेशन काउंटर का संचालन शुरु कर दिया गया है, जो सुबह दस बजे से खोला गया।
कुशीनगर एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, जबलपुर -निजामुद्दीन एक्सप्रेस को विशेष ट्रेन का दर्जा देकर उनके पूर्व निर्धारित नियमित स्टॉपेज दिए गए हैं और पूर्व की तरह यह ट्रेन ललितपुर स्टेशन पर ठहरेंगी।
- मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी रेलवे