ललितपुर। थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम जरया निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया है कि उनके कोरोना पीड़ित भाई की झांसी के अस्पताल से छुट्टी हुई थी लेकिन वह लापता हैं। परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है। परिजनों के अनुसार पिता-पुत्र कोरोना संक्रमित निकलने के बाद उपचार के लिए झांसी भेजे गए थे। लेकिन चार दिन पहले अस्पताल से छुट्टी के बाद युवक घर नहीं पहुंचा। इस मामले में अस्पताल से छुट्टी के बाद जब पिता घर पहुंचा तो सभी को पुत्र के घर नहीं पहुंचने की जानकारी हुई।
महरौनी के ग्राम जरया निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि 19 अगस्त को उसका छोटा भाई पिता का इलाज कराने के लिए ललितपुर गया था। वहां जांच कराने पर पिता व पुत्र दोनों को कोरोना संक्रमित पाया गया। जिसके बाद दोनों को तालबेहट भेज दिया गया। 22 अगस्त को दोनों को तालबेहट से झांसी भेजा गया। झांसी अस्पताल से 22 अगस्त को ही उसके भाई की छुट्टी कर दी गई जबकि पिता को भर्ती कर लिया। इसके बाद 24 अगस्त को उसके पिता की भी झांसी अस्पताल से छुट्टी कर दी गई। 25 अगस्त को जब पिता घर पहुंचे तो पता चला कि छोटा भाई अब तक घर नहीं आया, जबकि उसकी छुट्टी 22 अगस्त को हो गई थी। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई और उसकी खोजबीन किए जाने की मांग की है।