ललितपुर। बूंद-बूंद पानी को परेशान शहर के दूसरे छोर पर बसे मुहल्ला नेहरू नगर के लोगों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट चौराहा पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दो टैंकरों से पानी की आपूर्ति नाकाफी साबित हो रही है। आक्रोशित मुहल्ले वासियों को प्रति दिन सात टैंकर से आपूर्ति कराने का आश्वासन देकर एसडीएम ने शांत किया।
मुहल्ला नेहरू नगर स्थित वार्ड नंबर चार व छह में ग्रीष्मकाल शुरू होते ही पेयजल समस्या बढ़ने लगती है। अपर जोन में होने के कारण यहां पाइप लाइन से भी पानी नहीं आ पाता है, जिससे लोग हैंडपंपों पर निर्भर हो जाते हैं, लेकिन इस बार सूखा के कारण जलस्तर नीचे चला गया है, जिससे हैंडपंप से भी पानी नहीं आ रहा है।
समस्या को देखते हुए जल संस्थान ने यहां दो टैंकर लगाए हैं, लेकिन यह टैंकर करीब दस हजार की आबादी के लिए ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहे है। मुहल्लेवासी पानी की समस्या को देखते हुए कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं तथा ज्ञापन भी दे चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। हालांकि, मुहल्ले में टंकी स्वीकृत हो गई है, लेकिन उसके निर्माण में भी काफी समय लगेगा।
शुक्रवार को परेशान मुहल्लावासियों ने पार्षद विवेक दरौनिया के नेतृत्व में पहले रेलवे स्टेशन के पास प्रदर्शन किया, इसके बाद वह लोग सीधे कचहरी चौराहा पहुंचे और चक्का जाम कर जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीएम सदर रमेश चंद्र तिवारी व सीओ सिटी बल्देव सिंह ने लोगों को समझाया और प्रतिदिन सात टैंकर पानी की आपूर्ति कराने का आश्वासन देकर लोगों का गुस्सा शांत कराकर जाम खुलवाया।
एसडीएम ने किया निरीक्षण
शुक्रवार की शाम को एसडीएम रमेश चंद्र मुहल्ला नेहरू नगर का निरीक्षण कर हालात जाने। उन्होंने पार्षद को आश्वासन दिया कि प्रतिदिन सात टैंकरों से तीन बार पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। इस तरह कुल 21 टैंकर चलाए जाएंगे। साथ ही एसडीएम ने कहा कि जल निगम में हैैवी बोर का प्रावधान नहीं है, इसलिए भारत सरकार से हैवी बोर कराने मांग की जाएगी, जिससे पानी समस्या नहीं रहेगी। इस मौके पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता इंजी. रघुवेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप चौबे ने पार्षद विवेक दरौनिया को सांसद निधि से पानी की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।