- करीब एक माह पूर्व गोविंद सागर बांध चौकी में पुलिस ने की थी अभद्रता
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विगत माह जिला विधिक सेवा में तैनात एक अधिवक्ता गोविंद सागर बांध चौकी पहुंचे। जहां पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की। इसको लेकर अधिवक्ताओं ने हड़ताल भी की है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है, जिसको लेकर अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था, मुख्यमंत्री कार्यालय से इस प्रकरण में विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। तो वहीं, अधिवक्ता दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई पर अडिग हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंतर्गत असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसिल पद तैनात अधिवक्ता राहुल गौतम ने मुख्यमंत्री के शिकायती पोर्टल पर प्रार्थनापत्र दिया था, जिसमें बताया कि विगत 13 मार्च को एक व्यक्ति ने फोन कर अनावश्यक रूप से उसे पुलिस द्वारा बंद करने की बात बताई, वह अपने साथी अधिवक्ता के साथ चौकी पर पहुंचा, तो वहां पर तैनात सिपाही ने उसके साथ अभद्रता की, साथ ही अन्य साथियों को बुलाकर बंद करने की धमकी दी। इसके बाद अन्य साथी अधिवक्ताओं के आने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ा। इस संबंध में पुलिस अभी तक आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की थी, मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रमुख सचिव ने पुलिस अधीक्षक से प्रकरण में आख्या मांगी गई है। अधिवक्ता दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज करते हुए, कार्रवाई पर जुटे हुए हैं।