ललितपुर। जनपद में अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए लगाए गए चेकगेट पर कैमरे प्रभावी साबित हो रहे हैं। इन कैमरों ने आठ माह में बिना रॉयल्टी या ओवरलोड चल रहे 140 वाहनों के चालान किए हैं। इन पर 1,21,35,680 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
इनमें से 47,13,738 रुपये का राजस्व विभाग को प्राप्त हो चुका है। वहीं, 74,21,942 रुपये का राजस्व अभी बकाया है। जिले में अवैध खनन परिवहन रोकने के लिए चार चेकगेट बनाए गए हैं। ये चेकगेट हाईवे के नदनवारा, राजघाट, बानपुर और महरौनी में स्थित हैं। इन पर अत्याधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे खनिज ले जा रहे वाहनों की निगरानी करते हैं। बिना रॉयल्टी या प्रपत्र से अधिक खनिज वाले वाहनों के एआई कैमरे से ई-चालान किए जाते हैं। विभाग चालान की कार्रवाई कर राजस्व प्राप्त कर रहा है।
जनवरी 2026 से 8 सितंबर तक 140 वाहनों के ई-चालान किए गए हैं। विभाग चालान किए गए वाहनों से वसूली के लिए प्रवर्तन कार्रवाई कर रहा है। सड़कों पर ऐसे वाहन मिलने पर उन्हें सीज भी किया जाता है।बकाया राशि की वसूली जल्द की जाएगी। इसके लिए लगातार चेकिंग कर कार्रवाई की जाएगी।
सुदीप कुमार, जिला खान निरीक्षक
आठ माह में चार चेकगेट से बिना रॉयल्टी व प्रपत्र से अधिक खनिज ले जा रहे 140 वाहनों के चालान कर 1,21,35,680 का जुर्माना लगाया गया है। इसमें 74,21,942 राशि शेष है। इसकी रिकवरी जल्द ही की जाएगी।
- सुदीप कुमार, जिला खान निरीक्षक, ललितपुर