ललितपुर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में हुए जहरीली शराब कांड के बाद गिरफ्तार आरोपी रवि लखेरा का ललितपुर जिले से संबंध रहा है। ललितपुर पुलिस उसे मई 2026 में कोतवाली सदर के पनारी क्षेत्र में नकली शराब फैक्टरी चलाने के आरोप में साथियों सहित गिरफ्तार कर चुकी थी। वर्तमान में पुलिस रवि लखेरा और उसके गिरोह के सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करने में जुटी है।
पांच सितंबर को सागर के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौतें हुईं। एमपी पुलिस ने सागर से सटे ललितपुर जिले से नकली शराब सप्लाई होने की आशंका जताई थी। हालांकि, ललितपुर पुलिस और आबकारी विभाग ने इस दावे को खारिज किया था। सागर पुलिस ने नकली शराब मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया। इस मामले में मुख्य आरोपी रवि लखेरा निवासी ग्राम महेवा, छतरपुर की तलाश थी। सागर पुलिस दो दिन तक ललितपुर के पनारी क्षेत्र में रवि लखेरा के मकान पर पहुंची, लेकिन वहां ताला लगा मिला। बृहस्पतिवार की रात सागर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोली लगने से घायल रवि लखेरा को गिरफ्तार कर लिया।
ललितपुर में नकली शराब फैक्टरी का भंडाफोड़
ललितपुर पुलिस ने मई 2026 में पनारी क्षेत्र में नकली शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने गिरोह के सरगना रवि लखेरा, चंद्रेश लोधी उर्फ विक्की, मनीष विश्वकर्मा, पुष्पेंद्र ठाकुर और अंकित विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने बताया था कि इस फैक्टरी में बनी नकली शराब समीपवर्ती मध्य प्रदेश क्षेत्र में सप्लाई की जाती थी। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि नकली शराब फैक्टरी मामले के आरोपियों पर जल्द गैंगस्टर एक्ट लगाया जाएगा।
80 लाख रुपये कीमत की मिली थी नकली शराब
मई 2026 में हुए नकली शराब फैक्ट्री के भंडाफोड़ में पुलिस ने मकान के अंदर से करीब 80 लाख रुपये कीमत की नकली शराब, करीब साढ़े पांच लाख रुपये नकद, शराब बोतल, ढक्कन, रैपर, हॉलमार्क सहित ऑडी, क्रेटा कार व अन्य वाहन बरामद किए थे। पनारी के गंगापुरम कॉलोनी में स्थित उक्त मकान को गिरोह के सरगना रवि लखेरा का बताया गया था।
पत्नी सहित सात आरोपियों के नाम आए थे प्रकाश में
नकली शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ होने के मामले में जांच के दौरान सात आरोपियों के नाम प्रकाश में आए थे। इसमें सरगना रवि लखेरा की पत्नी शिवानी लखेरा, मोना राजा, प्रेमसिंह बांगरी, दादा हरियाणा, दीपचंद्र, बड़े राजा और गजेंद्र के नाम शामिल थे। इनके खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी।
रवि लखेरा की तलाश में चलाया था संयुक्त सर्च ऑपरेशन
एमपी के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत होने के मामले में रवि लखेरा का कनेक्शन सामने आने के बाद एमपी की सागर पुलिस उसकी तलाश में जनपद आई थी और दो दिन तक डेरा डाले रही। इसके साथ एमपी पुलिस और जनपद पुलिस ने रवि लखेरा को पकड़ने के लिए जनपद में उसके संभावित स्थानों पर संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया था। सूत्रों के मुताबिक संयुक्त ऑपरेशन चलाए जाने के बाद ही रवि लखेरा एमपी क्षेत्र में बचने के लिए यहां वहां भाग रहा था। इसी दौरान बृहस्पतिवार की रात को एमपी पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई थी।