सुपरमार्केट मोड़ पर गहरा गड्ढा दे रहा हादसों को न्योता, कई जगह वाहन चालक हो चुके चोटिल
ललितपुर। शहर के गली-मोहल्लों में नालियों पर बनी कई पुलिया क्षतिग्रस्त हैं। इनके टूटे होने और चैंबर खुले पड़े होने से राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर हालात ऐसे हैं कि चार पहिया वाहन तो दूर, दोपहिया वाहन भी सुरक्षित नहीं निकल पा रहे हैं। रात के समय पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। बारिश में नालियों का पानी सड़क पर आने से समस्या और बढ़ जाती है।
गांधीनगर में क्षतिग्रस्त पुलिया बनी खतरा
गांधीनगर में सरस्वती शिशु ज्ञान मंदिर की ओर जाने वाली गली में नाली पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। यहां से दिनभर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की आवाजाही रहती है। तेज रफ्तार वाहन चालक कई बार क्षतिग्रस्त पुलिया पर गिरकर चोटिल हो चुके हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि वह पहले भी अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। रात के समय गली में पैदल निकलना भी मुश्किल है। बच्चों के गुजरने पर उनके गिरने का खतरा बना रहता है।
अजीतापुरा में खुला पड़ा पुलिया का गड्ढा
मोहल्ला अजीतापुरा के मुख्य चौराहे पर वर्षों से नाली की पुलिया का चैंबर नहीं लगा है। इससे पुलिया का गहरा गड्ढा खुला पड़ा है। यहां से दोपहिया और चार पहिया वाहन गुजरते हैं। कई बार वाहन इसमें फंस जाते हैं और चालकों को उन्हें निकालने में परेशानी होती है। तेज रफ्तार दोपहिया वाहन चालक भी कई बार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। चौराहे पर दो बड़े वाहन आमने-सामने आने पर जगह कम होने के कारण उन्हें पीछे करने में भी परेशानी होती है। ऐसे में यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सुपरमार्केट मोड़ पर केबल के लिए खोदा गड्ढा
नझाई के तुवन रोड पर कंपनी बाग के पास सुपरमार्केट मोड़ पर केबल डालने के लिए की गई खोदाई के बाद सड़क किनारे बड़ा और गहरा गड्ढा हो गया है। गड्ढे में टूटी केबलें भी पड़ी हैं। मोड़ होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को गड्ढे से बचकर निकलना पड़ता है। सड़क किनारे दुकानों के वाहन और पास में हाथ ठेले खड़े रहने से रास्ता और संकरा हो जाता है। ऐसे में वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोड़ पर गड्ढा होने के कारण हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
गली-मोहल्लों में जहां भी नालियों की पुलिया क्षतिग्रस्त हैं, उनका सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद उनकी मरम्मत का काम कराया जाएगा।
दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद