संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक से पांच हजार रुपये में रक्त दिलाने के मामले का उपमुख्यमंत्री/स्वास्थ्य मंत्री के संज्ञान लेते ही विभाग में हड़कंप मच गया है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को कमेटी गठित कर प्रकरण की एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। प्राचार्य ने बताया कि चार सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच शुरू कर दी गई है। चिकित्सक या कर्मचारी की संलिप्तता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
19 फरवरी को विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के नगर संयोजक अमन सोनी अपने एक परिचित के साथ जिला अस्पताल पहुंचा था। वहां एक युवक अस्पताल आने का कारण पूछने लगा तो अमन सोनी ने ओ पॉजिटिव ब्लड की आवश्यकता बताई। युवक ने पांच हजार रुपये में ब्लड मिल जाने की बात कही। अमन सोनी ने आरोपी युवक से बातचीत का वीडियो अपने मोबाइल में रिकार्ड कर लिया। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने प्राचार्य को जांच कराने के निर्देश दिए हैं। किसी चिकित्सक या कर्मचारी की संलिप्तता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्राचार्य ने चार सदस्यीय जांच टीम में जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. मीनाक्षी सिंह, ऑर्थो सर्जन डॉ. केके मिश्रा, सर्जन डॉ. विशाल जैन, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष कुमार को शामिल किया है।
-
आरोपी को छोड़ने के बाद अब पुलिस कर रही तलाश
पांच हजार रुपये में ओ पॉजिटिव ब्लड उपलब्ध कराने के मामले में वीडियाे बनाने के साथ ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपी युवक को पकड़ लिया था। इसके बाद जिला अस्पताल स्थित चौकी पुलिस को सौंप दिया था। लेकिन बाद में पुलिस ने आरोपी युवक को छोड़ दिया था। अब डिप्टी सीएम के मामला संज्ञान में लेते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।
-
वर्जन
डिप्टी सीएम के निर्देश पर चार सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।-डॉ. डीनाथ, प्राचार्य, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय