भांजी के फलदान से लौट रहे बाइक सवार मामा की सड़क हादसे में मौत
ललितपुर। राजघाट चौकी क्षेत्र के कस्बा राजघाट में वाहन की टक्कर से चंदेरी निवासी एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। युवक अपनी भांजी के फलदान से लौट रहा था।
मध्यप्रदेश के जिला अशोक नगर, थाना चंदेरी के ग्राम नानकपुर निवासी तिलक (25) पुत्र काशीराम शुक्रवार की शाम को अपनी भांजी के फलदान में शामिल होने टीकमगढ़ जिले के ग्राम अचर्रा के पास गया था। फलदान समारोह होने के बाद रात्रि में जब वह वापस चंदेरी के ग्राम नानकपुर अपने घर बाइक से लौट रहा था तभी कस्बा राजघाट में नहर मोड़ पर किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर राजघाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक परिवार में दो भाइयों में छोटा था और उसकी तीन वर्ष पहले ही शादी हुई थी।