बांसी/ललितपुर। जिले में इलाज की सुविधाएं पहले ही लचर बनी हुई हैं, अब सामान्य इलाज भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसा ही हाल कस्बा के नया बस स्टैंड के पास परिवार कल्याण उपकेंद्र परिसर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर दो सप्ताह से बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में मरीजों को बिना इलाज के मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। इसके बाद भी इस सेंटर के शुरू करने के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य उपचार की सुविधा के लिए आयुष्मान भारत योजना में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित किए गए हैं। इसमें आने वाले मरीजों को सुविधाएं देने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी को नियुक्त किया गया है। केंद्र पर बुखार, जुकाम, व अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के साथ ही बीपी, शुगर सहित अन्य जांचों की सुविधा है।
लेकिन कस्बा बांसी स्थिति हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर दो सप्ताह से ताला लटक रहा है। ऐसे में उपचार की आस लेकर पहुंच रहे मरीजों को बिना इलाज के ही वापस होना पड़ रहा है। इसमें सबसे अधिक वृद्ध मरीज पहुंचते थे, अब अधिक समस्या बढ़ गई है। हद तो तब हो गई, जब दो सप्ताह से बंद होने के बाद भी कोई सूचना नहीं है। इससे मरीज आए दिन इलाज को पहुंच रहे हैं। सेंटर बंद देखकर मायूस होकर लौट रहे हैं। ऐसा लगातार होने से क्षेत्रीय लोगों में रोष पनप रहा है।
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पिछले दो सप्ताह से बंद है। दो बार शुगर व बीपी की जांच कराने पहुंचे, लेकिन नहीं हो पाई है। इसको लेकर अधिक परेशान हैं।
- सत्यनारायण गंगेले, बांसी
पंद्रह दिन से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बंद है, इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने ध्यान नहीं दे रहा है। ऐेसे में अब लोगों को सामान्य सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं।
- बलराम पंजाबी
बांसी हेल्थ सेंटर पर जो तैनात हैं, वह प्रसूति अवकाश पर हैं इसलिए सेंटर बंद है और छह माह तक सेंटर नहीं खुलेगा।
- प्रदीप यादव, अधीक्षक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा