ललितपुर। अमरपुर मंडी में ढाई माह पूर्व आवंटित हुई दुकानों की फिर से नीलामी की घोषणा से फल और सब्जी विक्रेताओं ने विरोध जताते हुए राज्यमंत्री और डीएम से नीलामी पर रोक लगाने की मांग की है।
फल और सब्जी विक्रेताओं ने राज्यमंत्री व डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि बीते ढाई माह पूर्व 15 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में अमरपुर मंडी में स्थित 32 दुकानें उन्हें आवंटित की गई थीं और उसमें आवंटियों को आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद कब्जा दखल दिया जाना शेष रह गया था। इस दौरान जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही मंडी सचिव भी शामिल थे। अब उन्हें जानकारी हुई है कि बुंदेलखंड विकास पैकेज के तहत निर्मित अमरपुर मंडी की दुकानों की नीलामी तीस नवंबर को की जानी है, जिसमें उन्हें पूर्व में आवंटित की गई दुकानों को भी नीलामी में शामिल किया गया है। जबकि 32 दुकानें 15 नवंबर को उन्हें आवंटित की गई हैं। व्यापारियों ने राज्यमंत्री और डीएम से मांग की है कि 30 नवंबर को होने वाली नीलामी में उन्हें आवंटित की गई, 32 दुकानों को छोड़कर नीलामी की जाए और यदि उक्त 32 आवंटित दुकानों को नीलामी में चढ़ाया जाता है तो वह समक्ष न्यायालय में स्थगन प्राप्त करने के अधिकारी होंगे। ज्ञापन पर सरनाम, अनिल, नमन, ध्रुव, निखिल, विक्की, नूरजहां, फईम, मुहम्मद बाहिद, अनीस आदि के हस्ताक्षर हैं।