साढ़े तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास
मड़ावरा (ललितपुर)। थाना मड़ावरा क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने पड़ोसी की साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इस मामले में मड़ावरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना मड़ावरा के अंतर्गत एक गांव निवासी ग्रामीण ने थाना मड़ावरा पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शुक्रवार को उसकी पत्नी और बेटी घर पर थी। उसके मोहल्ले में रहने वाला राजू कुशवाहा (32) उसकी साढ़े तीन साल की बेटी को फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। कुछ देर बाद उसकी पत्नी अपनी बेटी को खोजती हुई घर से बाहर निकली, तब राजू के घर से उसके चीखने की आवाज सुनकर भागकर पहुंची और देखा तो उसकी बेटी रो रही थी, जबकि उसके पहुंचते ही आरोपी पीछे के रास्ते से भाग गया।
बच्ची ने रोते हुए पूरी बात अपनी मां को सुनाई। तब परिजनों द्वारा घटना की सूचना मड़ावरा पुलिस को दी गई। मड़ावरा पुलिस द्वारा घटना के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। शनिवार सुबह पुलिस क्षेत्राधिकारी महरौनी केशवनाथ एवं अपर पुलिस अधीक्षक गिरजेश कुमार ने पीड़ित परिवार से पूछताछ करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के निर्देश दिए। मड़ावरा पुलिस ने आरोपी राजू कुशवाहा के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मड़ावरा कस्बा क्षेत्र में मासूम बच्ची खेलते हुए अपने पड़ोसी के घर पहुंच गई, जहां एक व्यक्ति उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा, जिस पर वह बच्ची रोने लगी तो वह मौके से भाग गया। बच्ची ने अपने माता पिता को पूरी बात बताई, जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।
गिरजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक।