ललितपुर। थाना बार के अंतर्गत ग्राम टीला में स्कूल और खेल के मैदान की जमीन पर कब्जा करने से मना करने पर कुछ लोगों ने लेखपाल के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तहसील महरौनी अंतर्गत ग्राम ककडारी निवासी लेखपाल अविनाश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग ग्राम टीला में ग्रामसभा की जमीन पर स्कूल और खेल के मैदान के लिए चिह्नित जमीन पर जेसीबी मशीन से खुदाई कर रहे हैं। इस पर वह मौके पर पहुंचे और उक्त लोगों को जमीन पर कब्जा करने से मना किया। बताया गया कि यह जमीन ग्रामसभा की है और स्कूल व खेल के मैदान के लिए सुरक्षित है।
यह सुनकर उक्त लोगों ने गाली - गलौज करते हुए हमला कर दिया और मारपीट करने लगे। साथ ही जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। इसके बाद वहां से अपनी जान बचाकर भागा तो उक्त लोगों ने जेसीबी से पीछा किया और जान से मारने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने सहारा दिया।
थाना बार पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर ग्राम टीला निवासी विश्वनाथ सिंह, अमरेंद्र सिंह, गब्बर राजा और डग्गी राजा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और लेखपाल के साथ गाली - गलौज करते हुए मारपीट करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।