साथी कर्मचारियों ने जताई हार्ट अटैक से मौत की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सीने में दर्द के बाद कंपनी में कार्यरत सहायक सुपरवाइजर 26 वर्षीय अक्षय निवासी आमलिया जनपद सीधी (मप्र) की मंगलवार को मौत हो गई। सूचना पर उसके परिजन भी मौके पर आ गए। साथी कर्मचारियों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है।
कंपनी के सीनियर सुपरवाइजर संदीप द्विवेदी ने बताया कि उसकी पास इंडिया कंपनी में अक्षय सहायक सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहा था। वर्तमान में उसकी कंपनी जनपद में रेलवे लाइन के दोनों ओर सुरक्षा तार लगाने का काम कर रही है। ग्राम बिरारी में कंपनी का कैंप कार्यालय बनाया गया है। यहां पर अक्षय साथी कर्मचारियों के साथ रहता था।
मंगलवार को ड्यूटी से लौटकर अक्षय अपने कैंप कार्यालय में लेटा हुआ था। देर रात अचानक अक्षय के सीने में दर्द हुआ तो साथी कर्मचारी उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।