संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियां रखने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। राजकीय इंटर कालेज ललितपुर को संकलन केंद्र बनाया गया है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी से 49 केंद्रों पर शुरू हो रही हैं। कुल 37310 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। हाईस्कूल के 19875 और इंटरमीडिएट के 17435 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए जिला प्रशासन व माध्यमिक शिक्षा विभाग की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियों को जो कॉपियां मिलेंगी, उन्हें राजकीय इंटर कॉलेज ललितपुर में बने संकलन केंद्र में पहुंचा दिया गया था। यहां से काॅपियों को परीक्षा केंद्रों तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचाए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
परीक्षा केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कॉपियां रखी गई हैं। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का संकलन केंद्र भी राजकीय इंटर कॉलेज में स्थापित किया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और चौबीस घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में इनको स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि कॉपियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
प्रश्नपत्रों को जीआईसी में बने स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा : यूपी बोर्ड के प्रश्न पत्रों को राजकीय इंटर कॉलेज ललितपुर में बनाए गए डबल लाॅक स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। जनपद स्तर पर बने स्ट्रांग रूम के लिए उप जिलाधिकारी को मजिस्ट्रेट के तौर पर नामित किया गया है।