ललितपुर। स्वास्थ्य विभाग में तैनात संविदा कर्मी एएनएम सुजीता सेन के खिलाफ चल रही जांच में दोषी पाए जाने पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन लखनऊ के निदेशक के आदेश पर 31 मार्च को उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई।
प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती ने शहरी क्षेत्र की एएनएम सुजीता सेन के खिलाफ की गई शिकायत के मामले में तत्कालीन सीएमओ ने समिति गठित कर जांच कराई थी। जांच आख्या के अनुसार सुजीता सेन को प्रथम दृष्टिया कार्य स्थल पर अनुपस्थित होने का दोषी पाया गया और सुजीता सेन के पति के द्वारा अमर्यादित एवं असंसदीय भाषा का प्रयोग करने का दोषी पाया गया था। जांच आख्या के आधार पर जिलाधिकारी- अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति ने एएनएम सुजीता सेन की सेवा समाप्ति की संस्तुति की थी। निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन लखनऊ ने संविदा कर्मी एएनएम सुजीता सेन की सेवाएं संतोषजनक न पाए जाने पर एक माह का नोटिस अथवा एक माह का समतुल्य मानदेय देकर संविदा समाप्त करने के आदेश दिए थे। सीएमओ ने बताया कि एएनएम सुजीता सेन को एक माह का वेतन देकर उनकी सेवाएं 31 मार्च को समाप्त कर दी गई।