ललितपुर। प्रदेश सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ कैशलेस उपचार की सुविधा दिए जाने की घोषणा से उनमें खुशी की लहर है। कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने कहा कि उन्हें लंबे समय से मानदेय बढ़ने का इंतजार था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से उनका सम्मान और उत्साह बढ़ा है।
प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय आठ हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का चार हजार से बढ़ाकर छह हजार रुपये कर दिया है। इसके साथ ही प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा भी दी गई है। वहीं, प्रतिवर्ष मिलने वाली दो साड़ियों की संख्या बढ़ाकर तीन कर दी गई है। सरकार के इन फैसलों को कार्यकर्ताओं ने राहत भरा कदम बताया। पेश है उनसे बातचीत के अंश...
-
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहता है। मानदेय बढ़ने से उनका हौसला बढ़ेगा और वे अपने काम को और बेहतर तरीके से कर सकेंगी।
- प्रतिभा कौशिक, जिलाध्यक्ष, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका एसोसिएशन
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का मानदेय बढ़ने से बहुत खुशी हुई है। सरकार ने कैशलेस इलाज की सुविधा देकर उनके श्रम का सम्मान किया है। सरकार का यह कदम स्वागत योग्य है।
- रजनी दुबे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, दरौनी, ब्लॉक बार
-
पहले अल्प मानदेय में घर चलाना मुश्किल होता था। अब सरकार ने हम लोगों के बारे में सोचते हुए मानदेय बढ़ाया है। साथ ही चिकित्सा सुविधा मिलने से स्वास्थ्य संबंधी चिंता भी कम होगी। यह कदम हमारे परिवार के लिए राहत और खुशी लेकर आया है।
- ललितेंद्र बबेले, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जमुनियां, ब्लॉक बिरधा
-
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार और लाभार्थियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करती हैं। मानदेय और चिकित्सा सुविधा मिलने से अब वे अपने दायित्वों को और बेहतर ढंग से निभा पाएंगी।
- राजेश कुमारी, भदौना, ब्लॉक तालबेहट