ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में पर्चा बनवाने आई युवती को साइड में ले जाने व मोबाइल नंबर मांगने के मामले में कर्मचारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए जांच बिठा दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारी को हटा दिया है। जांच रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बीते दिन शहर की एक मोहल्ला निवासी युवती मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए आई थी। यहां पर पर्चा बनवाने के लिए काउंटर पर पहुंची, जहां पर पर्चा बना रहे कर्मी ने युवती को साइड में बुलाया और मोबाइल नंबर मांगने लगा। इसके साथ ही लिफ्ट के पास ले जाकर बातचीत करने लगा। इसी दौरान युवती के परिजन आ गए और युवक को बातचीत करता देख, उनका पारा आसमान में पहुंच गया। युवती के परिजनों ने कर्मचारी की जमकर पिटाई कर दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पर्चा काउंटर के कर्मचारी को हटाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। यही नहीं मामले पर जांच बिठा दी है। इससे कर्मचारी की मुश्किलें बढ़ गई है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर कर्मचारी को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
-
पर्चा काउंटर पर तैनात कर्मी को हटाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। जांच रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. गजेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज