ललितपुर। किसानों ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की गई है। निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि विगत माह किसान समाधान दिवस में समस्याओं का हल नहीं हुआ। इसके बाद वृहद किसान आंदोलन की घोषणा हुई थी। जिले में अतिवृष्टि के कारण इसे प्राकृतिक आपदा की समाप्ति तक स्थगित किया गया। बारिश रुकने पर आंदोलन फिर शुरू होगा। किसान मोर्चा ने खरीफ फसलों का सर्वे कराकर दैवी आपदा राहत राशि मांगी है। बीमा क्लेम का भुगतान शीघ्र कराने की भी मांग की गई है। खरीफ-2024 में फसल क्षति की जांच शासन ने कराई थी। इसमें 80 हजार किसानों को 102 करोड़ रुपये भुगतान के आदेश थे, जो अभी तक लंबित है।
अन्य प्रमुख मांगें
बैंकों ने खरीफ पीएम बीमा का प्रीमियम काट लिया है, पर यह राशि पोर्टल पर फीड नहीं हुई। इससे फसल नष्ट की शिकायत दर्ज नहीं हो पा रही। किसानों को प्रीमियम फीड कराकर पॉलिसी दिलाई जाए। नपा की लापरवाही से नगर की बस्तियों में जलभराव और पर्यावरण प्रदूषण हो रहा है। ज्ञापन पर केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल दुबे, नीरज सिंह, केंद्रीय उपाध्यक्ष ऊदल सिंह पटेल, दातार सिंह, रामस्वरूप निरंजन और कैलाश नारायण के हस्ताक्षर हैं।