ललितपुर। कौशल विकास मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने फोन पर हुई बातचीत में कहा कि बुधवार को होने वाले राम मंदिर के शिलान्यास से समूचा भारत गौरवान्वित होगा। कहा कि वर्ष 1990 में कारसेवा के दौरान मुलायम सिंह ने सबसे पहले मुझ पर रासुका लगाई थी। कहा कि सदियों के संघर्ष और प्रयास के बाद अब वह शुभ घड़ी आ गई है जब हम भगवान श्रीराम के जन्म स्थान पर एक भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के साक्षी बनेंगे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन के निर्देशों के तहत सामाजिक दूरी का पालन अनिवार्य होने से देश के नागरिकों से आह्वान किया कि वे लोग अनावश्यक भीड़ से बचें और घर में हो घी के दिए जलाकर जश्न मनाएं। कहा कि लोग अपने घरों में इस ढंग से दीप जलाएं कि हर घर अयोध्या जैसा लगे। कहा कि काशी के विद्वानों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी बुधवार को दिन में 11.30 बजे मंदिर निर्माण की आधारशिला रखेंगे। इस अलौकिक दृश्य को देखकर लोग त्रेता युग को याद करेंगे।