ललितपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुंदेलखंड के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वह दो दिसंबर को ललितपुर के गिन्नौत बाग में सभा को संबोधित करेंगे और महरौनी क्षेत्र के बीर गांव में महाराजा खेत सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
पार्टी स्तर से अधिकृत कार्यक्रम जारी होते ही उनके प्रभारी व एमएलसी शशांक यादव व पार्टी के महासचिव तिलक चंद्र अहिरवार शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे और पदाधिकारियों से मुलाकात कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
सपा एमएलसी शशांक यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक दिसंबर को दो बजे महोबा में जनसभा को संबोधित करेंगे और वहां रात्रि विश्राम के बाद दो दिसंबर को दोपहर 12 बजे गिन्नौत बाग में जनसभा को संबोधित करने के बाद बानपुर थाना क्षेत्र के बीर गांव में दोपहर 2.20 बजे महाराज खेत सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
इसी दिन दोपहर 3.50 बजे हेलीकाप्टर से झांसी के लिए रवाना हो जाएंगे, वहां रात्रि विश्राम कर तीन दिसंबर को जनसंपर्क करते हुए पारीछा-चिरगांव-मोंठ में दोपहर 1.30 बजे जनसभा को संबोधित करने के बाद लखनऊ रवाना हो जाएंगे। उन्होंने पार्टी के निवर्तमान व पूर्व पदाधिकारियों के अलावा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि यहां की रैली एतिहासिक होनी चाहिए।
बैठक में पूर्व विधायक रमेश कुशवाहा, पूर्व विधायक फेरनलाल अहिरवार, पूर्व विधायक कैलाश यादव, ज्योति सिंह लोधी, फूलसिंह यादव, प्रसन्न जैन, जिला पंचायत सदस्य धनंजय यादव, जिला पंचायत सदस्य भवानी सिंह यादव, अनुराग खरे, पूजा यादव, रामविलास रजक, मुन्नालाल रजक, शिल्पी, कुशाल चंद्र साहू, सरफराज अली व कृष्ण स्वरूप निरंजन आदि मौजूद रहे।
-------------
विकास के प्रमुख पैमाने पर बुंदेलखंड काफी पिछड़ गया : एमएलसी
ललितपुर। सपा के एमएलसी व कार्यक्रम प्रभारी शशांक यादव ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से प्रदेश की जनता प्रताड़ित है। सरकार किसानों को खाद तक मुहैया नहीं करा पा रही वह भीड़ में धक्के और डंडे खा रहा है। विकास के प्रमुख पैमाने पर बुंदेलखंड काफी पिछड़ गया है।
उन्होंने कहा कि विकास का पैमाना केवल सड़क और पुलिया बनाने से नहीं स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से तय होता है। एमएलसी ने जेवर एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार सरकारी खजाने से निर्माण करा रही है, निर्माण होने के बाद इसे घाटे में दिखाकर प्राइवेट सेक्टर को बेच देंगे, यही इनकी नीति है। उन्होंने कहा कि प्राइवेट सेक्टर का प्रभाव जिस प्रकार से सरकारी क्षेत्र में बढ़ रहा है, उससे आरक्षण को पूर्ण रूप से समाप्त कर दिया जाएगा और भविष्य में शिक्षित युवा हाथों में डिग्री लेकर घूमते नजर आएंगे।
उन्होंने कहा कि केवल समाजवादी पार्टी ही एक मात्र ऐसी पार्टी है, जो युवाओं, किसानों, बेरोजगारों और गरीबों के बारे में सोच कर योजनाओं का संचालन करते हुए अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को लाभान्वित करने का कार्य करती है। इस दौरान पूर्व एमएलसी/प्रदेश महासचिव तिलकचंद्र अहिरवार सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो