ललितपुर। शहर के चौकाबाग में श्री रामकथा में आ रहे प्रख्यात संत मोरारी बापू शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे पुलिस लाइन में हेलिकॉप्टर से उतरेंगे। वह राजघाट रोड के निकट बनाई गई कुटिया में पहुंचेंगे। शनिवार शाम चार बजे से वह कथा का शुभारंभ करेंगे। आयोजन को लेकर बृहस्पतिवार को राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने कथा स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान महामंडलेश्वर संतोषदास महाराज सतुआ बाबा, श्रीनृसिंह मंदिर के महंत गंगादास महाराज एवं श्रीतुवन सरकार के महंत रामलखनदासजी महाराज भी मौजूद रहे।
चौकाबाग स्थित श्रीरामकथा स्थल का गुरूवार को प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ मन्नू कोरी ने निरीक्षण कर श्रीरामकथा स्थल पर बनाई जा रही व्यास पीठ को देखा, तो वहीं देश के कई राज्यों, जनपदों व सुदूर ग्रामीण अंचलों से आने वाले श्रद्धालुओं को बैठने, ठहरने एवं भंडारे की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महामंडलेश्वर सतुआ बाबा ने कहा कि इस श्रीरामकथा में देश के विभिन्न राज्यों व जनपदों से लोगों का आगमन होगा। उन्होंने आह्वान किया कि लोग अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंच कर श्रीरामकथा को सुनकर धर्मलाभ लें। निरीक्षण के दौरान बुंदेलखंड विकास बोर्ड सदस्य प्रदीप चौबे, प्रस क्लब अध्यक्ष राजीव बबेले सप्पू, सहकारी बैंक सभापति हरीराम निरंजन, बब्बू राजा बुंदेला, धर्मेंद्र रावत, वीके सरदार, निखिल तिवारी, अजय नायक सिंदवाहा, बृजेश पंथ, गिरीश पाठक सोनू के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।