ललितपुर। थाना महरौनी क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी युवक ने मंगलवार देर शाम घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम कुम्हैड़ी निवासी दीपक (32) पुत्र खुमान खटीक मंगलवार शाम को अपने घर में कमरे में था, जबकि पत्नी आंगन में बर्तन साफ कर रही थी। अन्य लोग अपने कमरों में थे। परिजनों के मुताबिक शाम करीब 6.30 बजे दीपक ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और पंखे के कुंदे पर साड़ी के सहारे फांसी लगाकर ड्रेसिंग टेबिल से कूदकर लटक गया। पलंग पर गिरने की आवाज सुनकर छोटे भाई ने दरवाजा तोड़ा और उसे फंदे से उतारकर आननफानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी लाए। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई अभिषेक ने बताया कि फांसी लगाने का कारण अज्ञात है। मृतक दीपक दो भाइयों में बड़ा था। उन्होंने बताया कि दीपक की शादी ढाई माह पहले मध्यप्रदेश के जिला निवाड़ी करी छाया के साथ हुई थी। घटना को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पत्नी पति का शव देखते ही अचेत हो गई। लोगों का कहना था कि ढाई माह में ही उसका सुहाग उजड़ गया।