पत्नी साथ आने के लिए राजी नहीं हुई तो 5 मार्च को लौट आया था घर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पत्नी मायके से नहीं आई तो ससुराल से लौटे थाना बालाबेहट अंतर्गत ग्राम बरौदिया निवासी 26 वर्षीय रहीस पुत्र खुशीलाल ने फंदे से लटककर जान दे दी। शुक्रवार की सुबह उसका शव अपने कमरे में म्यांरी पर साड़ी की रस्सी के फंदे से लटकता हुआ मिला।
मृतक के पिता खुशीलाल ने बताया कि महाशिवरात्रि पर उसके पुत्र रहीस की पत्नी सोनम अपने मायके मध्य प्रदेश के ग्राम जरुआखेड़ा बरौदिया चली गई थी। करीब चार दिन पूर्व रहीस अपनी पत्नी व बच्चों को लेने के लिए ससुराल गया था। वहां चार दिन रुकने के बाद सोनम ने कुछ दिन बाद घर आने की बात कही थी। इससे नाराज होकर पांच मार्च की शाम रहीस घर लौट आया।
बृहस्पतिवार को खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था। शुक्रवार की सुबह जब वह देर तक नहीं उठा तो उसकी मां माया उसे जगाने के लिए गई। कमरे के बाहर से उसने आवाज दी लेकिन न दरवाजा खुला और न ही अंदर से कोई आवाज आई। इस पर माया ने दरवाजे की दराज से झांककर अंदर देखा तो कमरे में रहीस फंदे से लटक रहा था। चीख पुकार सुनकर अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और दरवाजे को तोड़ा।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के पिता खुशीलाल ने पत्नी के मायके से न आने के कारण रहीस के आत्मघाती कदम उठाने की बात कही। मृतक दो भाई-एक बहन में बड़ा था और उसकी दो पुत्रियां हैं। करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। सीओ पाली अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पति की मौत की सूचना पर ससुराल लौटी पत्नी
मृतक के पिता खुशीलाल के मुताबिक, रहीस के आत्महत्या करने की सूचना उसकी ससुराल जरुआखेड़ा बरौदिया दी गई। इसके बाद जैसे ही सोनम को यह खबर मिली, वह तत्काल अपने परिजनों के साथ ससुराल आ गई। अब वह रोते हुए अपने भाग्य को कोस रही है।