चचेरे भाई ने गांव के विपक्षी पर लगाए मजदूरी के रुपये मांगने पर पिटाई कर हत्या करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में बृहस्पतिवार की रात जंगल में महुआ के पेड़ पर रस्सी के फंदे से थाना नाराहट के ग्राम पारौल निवासी 18 वर्षीय रामकुमार का शव लटका हुआ मिला। चचेरे भाई ने गांव के विपक्षी पर मजदूरी के रुपये मांगने पर पिटाई करने और धमकाने सहित मारपीट कर हत्या करने के आरोप लगाए हैं।
मृतक के चचेरे भाई श्रीराम सहरिया ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर उसका भाई रामकुमार घर से निकल गया था। रात को जब वह लौटकर घर नहीं आया तो उसकी खोजबीन की गई लेकिन कोई पता नहीं चला। रात को गांव के 40-50 लोगों के साथ टार्च की रोशनी में गांव से सटे जंगल में तलाश शुरू की गई तो पहाड़ी के जंगल में महुआ के पेड़ पर रस्सी के फंदे से रामकुमार का शव लटकता हुआ मिला।
चचेरे भाई श्रीराम ने बताया कि उसके भाई रामकुमार ने गांव के एक व्यक्ति के यहां फसल कटाई व अन्य काम की करीब 10 दिन तक मजदूरी की थी। आरोप लगाया कि बुधवार को जब उसका भाई मजदूरी मांगने के लिए विपक्षियों के पास गया तो उन्होंने उसकी पिटाई कर दी थी। जान से मारने की धमकी दी थी। तब रामकुमार ने वहां से भागकर गांव के एक व्यक्ति के घर में शरण ली थी। इसके कुछ देर बाद रामकुमार घर आ गया था लेकिन उसने घटना को लेकर परिजनों को नहीं बताया था।
चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि उक्त विपक्षियों ने उसके भाई की पिटाई की और हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक दो भाई-दो बहनों में छोटा था। सीओ पाली अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है।