चालक ने कहा - कार और कंटेनर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिरधा। थाना पाली क्षेत्र अंतर्गत पटौआ के पास झांसी-सागर हाईवे 44 पर नागपुर से दिल्ली की ओर जा रहा गोभी से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। चालक ने कार और कंटेनर को बचाने के प्रयास में ट्रक के अनियंत्रित होने की बात कही।
मध्य प्रदेश के जनपद सागर अंतर्गत मालथौन निवासी 22 वर्षीय दीपेश पुत्र भगतराम पेशे से ट्रक चालक है। वह ट्रक में नागपुर से गोभी लादकर दिल्ली जा रहा था। मंगलवार की सुबह करीब 7:30 बजे उसका ट्रक नेशनल हाईवे-44 पर ग्राम पटौआ के पास पहुंचा था। तभी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इससे ट्रक में लदी गोभी सड़क पर बिखर गई। आसपास के लोगों ने हादसा देखा तो भागकर मौके पर पहुंचे और ट्रक में फंसे चालक दीपेश को बाहर निकाला।
दुर्घटना में चालक को मामूली चोट आई। उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक इलाज किया गया। हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाया।