संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लखनऊ में हाल ही में हुई आगजनी की घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन सतर्क हो गया है। आग से बचाव और आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मेडिकल कॉलेज में प्रत्येक माह फायर मॉकड्रिल कराई जाएगी। इसके तहत अग्निशमन यंत्रों की क्रियाशीलता की जांच के साथ चिकित्सकों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
शासन के निर्देशों के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। कॉलेज के अग्निशमन प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परिसर में बिजली के सर्किट, वायरिंग और एसी प्वाइंटों की जांच के साथ सुरक्षा ऑडिट कराया जा रहा है, ताकि संभावित जोखिमों की पहचान कर समय रहते उन्हें दूर किया जा सके।
मेडिकल कॉलेज में हर माह फायर मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इससे कर्मचारियों को प्रशिक्षण मिलेगा और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच भी हो सकेगी।
— डॉ. मयंक कुमार शुक्ला, प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज, ललितपुर