ललितपुर। बालू खनन पर रोक लगने के बाद प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। शनिवार को अनेक नदी, नालों पर बालू के डंप मिले। वहीं, कई स्थानों पर प्रशासनिक अफसरों को देख मजदूर भाग खडे़ हुए। दिन भर चली कार्रवाई में सैकड़ाें ट्रैक्टर ट्राली अवैध बालू को पकड़ा गया। पकड़ी गई बालू को प्रधान एवं वार्ड प्रतिनिधियों के सुपुर्दगी में रख दिया गया।
ग्रीन टिब्यूनल ने बालू खनन पर रोक लगा दी है। इसके बाद प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारी हरकत में आ गए हैं। शनिवार को उन्होंने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अनेक जगहों पर छापामार कार्रवाई की। तहसीलदार अरूण कुमार ने नदीपुरा के पास शहजाद नदी में बालू खनन पकड़ा। यहां सात डंप मिले, साथ ही 171 बोरियां भी पकड़ी। इसके पश्चात उन्होंने बालू को वार्ड पार्षद के भाई की सुपुर्दगी में रखवा दिया। वहीं, नायब तहसीलदार अवधेश निगम ने प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुमार के साथ छापामार कार्रवाई की। उन्होंने कल्यानपुरा स्थित बानई नदी के किनारे बालू के ढेर पकडे़। वहीं, कृषि मंडी के पास भी अवैध भंडारण पकड़ा। इस तरह कल्यानपुरा ग्राम में सौ ट्रैक्टर ट्राली बालू पकड़ी गई, जिसे चूना से चिह्नित करते हुए ग्राम के कामता प्रसाद व ऊदल के सुपुर्द कर दिया। ग्राम बरखिरिया में बरूआ नाला में पच्चीस टैक्ट्रर ट्राली बालू पकड़ी, जिसे प्रधान की सुपुर्दगी में रखवाया गया। पाचौनी स्थित शहजाद नदी में भी पच्चीस टैक्ट्रर ट्राली बालू पकड़ी गई, इसे भी प्रधान की सुपुर्दगी में दे दिया गया। इस तरह नायब तहसीलदार की कार्रवाई में सोलह हजार घनफुट अवैध बालू का भंडारण पकड़ा गया। उप जिलाधिकारी सदर आरएस वर्मा ने ग्राम पाचौनी, चीरा व अमरपुर में छापामार कार्रवाई की। रिमजा घाट में 180 घन मीटर बालू का अवैध स्टाक पकड़ा। चीरा अमरपुर के माध्य रिमजा घाट के पश्चिमी दिशा में नदी के तट पर 450 घन मीटर बालू का अवैध स्टाफ पकड़ा, जिसे बृजेंद्र सिंह ग्राम रोड़ा निवासी के सुपुर्दगी में दे दिया गया। इसके अलावा नवीन तहसील के पीछे अवैध बालू का परिवहन करते हुए बिना नंबर आयशर ट्रैक्टर भी पकड़ा गया। उन्होंने खान निरीक्षक को आगे की कार्रवाई को निर्देशित किया है।