ललितपुर। थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम गड़ौलीकलां में भूमि के स्वामित्व को लेकर विवाद के चलते आरोपियों ने एक परिवार के पांच सदस्यों पर लाठी व कुल्हाड़ी से हमला करके घायल कर दिया। घायलों में एक महिला एवं किशोरी भी शामिल हैं। मड़ावरा पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज करके घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।
ग्राम गड़ौलीकलां निवासी गोपी (60) ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका खेत भैयालाल कुर्मी के बगल में है। शनिवार को विपक्षी उसके खेत में मुंडी लगाने लगे। इसका विरोध करने पर विपक्षियों ने उस पर लाठी व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच बचाव को आई बहू गेंदा (35), पुत्र दशरथ (40), रामदास (30) एवं रामकुमारी (13) को भी आरोपियों ने लहूलुहान कर दिया। आरोपियों ने दबंगई के बल पर घायलों को घटना की सूचना देने के लिए थाने नहीं जाने दिया। घटना की भनक लगने पर मड़ावरा पुलिस ग्राम गड़ौलीकलां पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा भिजवाया। पुलिस ने इस मामले में भैयालाल कुर्मी, वृंदावन, भगवान एवं बल्देव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।