ललितपुर। नगर के मुहल्ला लेड़ियापुरा निवासी सब इंसपेक्टर के घर में पंद्रह दिन पूर्व हुई लाखों की चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
लेड़ियापुरा निवासी जयकुंवर ने कोतवाली प्रभारी को तहरीर देकर बताया कि उसके पति सब इंसपेक्टर शिवप्रसाद पाल कानपुर देहात में कार्यरत हैं। गत उन्नीस मई को वह एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गांव गई थीं। छोटा बेटा अरुण पाल एवं पुत्री मधुपाल घर पर अकेले थे। रात में दोनों घर की छत पर सो रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद कमरों के ताले तोड़कर बंदूक का लाइसेंस, छप्पन हजार रुपये नकद, सौ ग्राम चांदी निर्मित गणेश एवं लक्ष्मी जी की मूर्तियां, पैंतीस ग्राम सोने की सात अंगूठी, सोने का एक मंगलसूत्र, सोने के ब्रासलेट, ढाई सौ ग्राम चांदी की बड़ी पायल, एक जोड़ी चांदी की पुरानी पायल, दो जोड़ी बिछिया आदि सामान चुराकर ले गए। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 380 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया।