ललितपुर। जनपद में कोरोना आम लोगों के साथ स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी अपनी चपेट में ले रहा है। बृहस्पतिवार को तीन चिकित्सक व एक कर्मचारी समेत 80 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। अब एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 445 हो गई है। हालांकि 56 मरीजों का होम आइसोलेशन पूर्ण होने पर डिस्चार्ज किया गया है। बढ़ते संक्रमण से रिकवरी दर भी घटकर 95.96 पहुंच गई है।
कोरोना वायरस अब अपना कहर सरकारी कर्मचारियों को अपनी जद में ले रहा है। बीते दिनों से लगातार अधिकारी व कर्मचारी संक्रमित पाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग में बीते दिनों ही दो एसीएमओ संक्रमित हो गए थे। बुधवार उपजिलाधिकारी भी संक्रमित मिले थे। ऐसे में संक्रमण से बचाव के लिए गाइड लाइन का पालन करना अधिक आवश्यक है।
बृहस्पतिवार को टीम द्वारा लिए गए 1348 सैंपल की जांच में तीन चिकित्सक समेत 80 कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें जिला अस्पताल में तैनात तीन चिकित्सक व एक स्वास्थ्य कर्मी और विकास भवन, जिला कारागार में भी एक संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा शहर के मोहल्ला चांदमारी निवासी छह, आजादपुरा निवासी पांच, नेहरूनगर व इलाइट चौराहा निवासी चार-चार, गांधीनगर नईबस्ती व रामनगर निवासी तीन-तीन, संक्रमित मिले हैं। आईटीआई कॉलोनी निवासी दो, पार्श्वनाथ, गोविंद नगर, चौबयाना, नदीपुरा, बाहुबलि नगर, जुगपुरा, सदनशाह, डोंड़ाघाट, पनारी, तुलसीनगर निवासी एक-एक संक्रमित पाए गए हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लॉक जखौरा क्षेत्र में 15, बिरधा में आठ, महरौनी में सात, मड़ावरा में तीन व तालबेहट निवासी एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है।
बृहस्पतिवार को टीम द्वारा लिए गए सैंपल में तीन चिकित्सक व एक स्वास्थ्य कर्मी समेत 80 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेशन किया गया है। - डॉ. जीपी शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी