तालबेहट। कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने पांच वर्ष पूर्व राजमार्ग पर एक ट्रक चालक की हत्या कर ट्रक का सामान लूट कांड के पांच वर्ष से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी हत्यारोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस को आरोपी के पास से तमंचा और दो कारतूस भी मिले। गिरफ्तार आरोपी पर प्रदेश के कई जिलों में मामले दर्ज हैं।
पत्रकार वार्ता में खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान निखिल पाठक ने बताया कि इस समय पूरे जनपद में वांछित एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली तालबेहट पुलिस और एसओजी ने कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत राजमार्ग पर शहजाद बांध के पास ट्रक चालक फुरकान निवासी ग्राम खिरना थाना बहेडी जिला बरेली की हत्या में शामिल 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपने साथी सुदीप यादव निवासी उनासी थाना मेरापुर जिला फर्रुखाबाद के साथ मिल कर फुरकान की हत्या करके ट्रक के सामान को लूट लिया था। इस मामले में सुदीप को गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन पुष्पेंद्र तभी से पुलिस को चकमा देता आ रहा था। सूचना पर टीम ने पच्चीस हजार के आरोपी पुष्पेंद्र निवासी ग्राम सराय अगहत थान नयागांव जिला एटा को राजमार्ग पर तालबेहट से माताटीला आने वाले रास्ते से एक 315 बोर के तमंचा एवं दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी पर प्रदेश के कई जिलों में मामले पंजीकृत बताए गए हैं।
गिरफ्तार करने वाली टीम --
आरोपी को गिरफ्तार करने वालों में प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता, उपनिरीक्षक गोविंद सक्सेना,, एसओजी प्रभारी राहुल राठौर, सर्विलास प्रभारी उपनिरीक्षक विनीत सिंह, का. मनीष कुमार, महिपाल, योगेंद्र चौहान, तेजप्रताप, रजनीश सिंह, गोपाल झा, रवींद्र कुमार, बृजेंद्र कुमार प्रमुख रहे।