मुक्तिधाम को सुंदर बनाया जाएगा
पाली। नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्तावों पर मुहर लग गई। मुक्तिधाम को सुंदर बनाया जाएगा और नगर पंचायत कार्यालय सभागार में एयर कंडीशनर लगवाए जाएंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार चौरसिया की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में पाली के विकास के लिए कई प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लग गई। इसमें गोचर जमीन को चिह्नित कराने और उसमें जानवरों को आश्रय देने, कस्बावासियों को घूमने-फिरने के लिए पार्क बनवाने, नगर पंचायत कार्यालय सभागार में एयरकंडीशनर लगवाने, कस्बे के चार प्रमुख स्थलों पर वॉटर कूलर लगवाने, मुक्तिधाम का सुंदरीकरण कराने के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से मुहर लग गई।
पार्षद रानी चौरसिया ने वार्ड में पेयजल एवं सीसी सड़क का प्रस्ताव रखा। पार्षद मनोज ने हाईमास्क लाइट एवं नदवानी बगीचा के पास कल्प वृक्ष के नीचे चबूतरा बनाए जाने प्रस्ताव रखा। बैठक में अधिशासी अधिकारी/ एसडीएम नरेंद्र सिंह सहित वार्ड पार्षद मौजूद रहे। नगर पंचायत पाली में ललितपुर- घटवार मार्ग पर स्थित मुक्तिधाम को अपनी काया पलटने का बड़ा इंतजार था। इसके लिए नगर पंचायत में इसका प्रस्ताव तो पास हो गया, लेकिन अब इसके सौंदर्यीकरण में कितना समय लगेगा, कहा नहीं जा सकता । इससे पहले मुक्तिधाम में जो शवदाहगृह की ऊपर टिनशेड है, वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। जिससे बरसात में शव का अंतिम संस्कार करने एवं उसको अग्नि तत्व में विलीन करने के लिए बड़ी परेशानी होगी। बरसात में छत पानी को रोकने में पूरी तरह असमर्थ है। इसको ध्यान में रख इसकी छत को दुरुस्त कराया जाएगा।