नौ हजार छह सौ सत्तावन परीक्षार्थी देंगे टीईटी
18 नवंबर को 11 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जिले में उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा 18 नवंबर को 11 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इन केंद्रों पर 9657 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं जो प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा देंगे। उधर, जिला प्रशासन ने नकल विहीन और सुचितापूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
बेसिक टीचर्स बनने के लिए टीईटी को अनिवार्य कर दिया गया है। इससे इस परीक्षा की महत्ता बढ़ गई है। जिले में 9657 परीक्षार्थी टीईटी में शामिल हो रहे हैं। इन्हें बैठने के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम पाली में 6715 परीक्षार्थी प्राथमिक स्तर एवं द्वितीय पाली में 3142 परीक्षार्थी परीक्षा देगें। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड होना प्रारंभ हो गए हैं। जिला प्रशासन ने भी नकलविहीन एवं सुचितापूर्ण परीक्षा कराने की तैयारी प्रारंभ कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर का कहना है कि शीघ्र ही केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जानी हैं।
ये बनाएंगे परीक्षा केंद्र
राजकीय इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज ललितपुर व तालबेहट, केंद्रीय विद्यालय, मां अहिल्या बाई होल्कर इंटर कालेज, मर्दन सिंह इंटर कालेज, नेहरू महाविद्यालय, नगर पालिका बालिका इंटर कालेज, पीएन इंटर कालेज, सेंट डोमनिक सावियो कान्वेंट इंटर कालेज, श्री वर्णी जैन इंटर कालेज बनाए गए हैं।
.....
शिक्षा मित्रों की परीक्षा पर नजर
टीईटी पर शिक्षा मित्रों की सीधी नजर है। वहीं, कई पढ़ाई कर रहे युवा भी शिक्षक बनने के लिए उतावले बैठे हैं जो परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं।