कियोस्क मशीन देगी वादकारियों को मुकदमों को जानकारी
ललितपुर।
जिला न्यायालय लगातार हाइटैक सिस्टम की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके तहत अब न्यायालय परिसर में वादकारियों को उनके मुुकदमों की तारीख या मुकदमों से संबंधित कोई भी प्रक्रिया की जानकारी के लिए कियोस्क मशीन स्थापित की गई है।
रेलवे में टिकट आरक्षण पद्धति पर आधारित कियोस्क मशीन को अब न्यायालयों में चल रहे मुकदमों की जानकारी लेने के लिए भी उपयोग किया जा रहा है। जिस तरह रेलवे में कियोस्क मशीन से रेलवे टिकट आरक्षण की सही स्थिति का पता उस मशीन में दिए गए विकल्पों पर क्लिक करके आसानी से लगाया जा सकता है। उसी प्रकार अब जनपद न्यायालय में भी इसी प्रकार की कियोस्क मशीन को स्थापित किया गया है। इसमें जनपद की सभी न्यायालयों के मुकदमों की डाटा फीड किया जाएगा और उपलब्ध डाटा के अनुसार जनपद न्यायालय के अंतर्गत आने वाली सभी न्यायालयों के मुकदमों की जानकारी उस कियोस्क मशीन में दिए विकल्पों पर क्लिक करने और उसमें दिए विकल्प भरने पर आसानी से मिल सकेगी। इस मशीन से वादकारियों के मुकदमों की पूरी डिटेल, मुुकदमों की तारीख, मुकदमा किस न्यायालय में चल रहा है, अदालत का नाम, लंबित मुकदमे और मुकदमों में दिए गए निर्णयों की पूरी जानकारी उक्त कियोस्क मशीन से मिल सकेगी। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आनंद कुमार दीक्षित ने बताया कि यह कियोस्क मशीन हाईकोर्ट के द्वारा न्यायालय में भेजी गई है, जिससे जनपद न्यायालय की सभी अदालतों में चल रहे मुकदमों की जानकारी कोई भी वादकारी ले सकेगा। यह मशीन न्यायालय सभागार के बाहर स्थापित की गई है।