संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा/ललितपुर। आग लगने से 100 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। अग्निशमन विभाग की गाड़ी दो घंटे बाद पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था।
मड़ावरा तहसील के ग्राम कारीटोरन में रविवार दोपहर खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। आग ने सैकड़ों एकड़ में पकी खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। कारीटोरन के पूर्व प्रधान बलराम ने बताया कि दोपहर एक बजे पिपरिया से कारीटोरन जाने वाले रास्ते पर कल्लू टौरिया के खेत से लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। किसान और ग्रामीण आग बुझाने दौड़े। जिसे जो भी बर्तन या साधन मिला, वो उसमें पानी भरकर आग बुझाने लगा।
किसी ने पानी डाला तो किसी ने हरे पत्तों से आग बुझाने की कोशिश की। कुछ ने ट्रैक्टर से खड़ी फसल जोतकर आग को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जब आग बुझ गई तब अग्निशमन वाहन आया। तहसीलदार एमके श्रीवास्तव समेत राजस्व कर्मी भी पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। लेखपाल रुद्रप्रताप सिंह ने बताया कि 100 एकड़ से अधिक फसल जली है।