पहले चरण में चार ब्लाकों मोहम्मदी, पसगवां, मितौली और बेहजम में 19 सीटों पर जिला पंचायत सदस्य पद के लिए शनिवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू कर दी गई। रविवार को भी नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। पहले दिन इस पद के लिए कलक्ट्रेट स्थिति एडीएम कोर्ट से 308 नामांकन पत्र बिके। इतनी संख्या में नामांकन पत्रों की बिक्री होने से एक सीट पर 17 से 18 प्रत्याशियों के चुनाव लड़ने की संभावना है।
शनिवार को कलक्ट्रेट में नामांकन पत्रों की बिक्री दिन में 11 बजे से शुरू की गई। इस दौरान सीडीओ नितीश कुमार ने पीडी डॉ दिनेश कुमार सिंह के साथ वहां पहुंच कर निरीक्षण किया और बिक्री प्रक्रिया की जानकारी ली। नामांकन पत्रों की बिक्री के प्रभारी/जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी एसपी वर्मा ने बताया कि पहले चरण में चार ब्लाकों की जिला पंचायत सदस्य पद की 19 सीटों पर 28 से 29 सितंबर तक नामांकन दाखिल किया जाना है। वहीं मोहम्मदी ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्य के 116 पदों के मुकाबले 432 नामांकन पत्र बिके हैं। बेहजम में 81 पदों पर 185, मितौली में 302 और पसगवां ब्लाक में 136 क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के मुकाबले 600 नामांकन पत्रों की बिक्री की गई है। नामांकन पत्रों की बिक्री रविवार को भी जारी रहेगी।
ये कीमत है निर्धारित
क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र का शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। यदि प्रत्याशी अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग या महिला वर्ग से है तो नामांकन पत्र आधा शुल्क जमा निर्धारित है। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर 2000 रुपये जमानत राशि निर्धारित है। जबकि चुनाव में अधिकतम 75 हजार रुपये खर्च कर सकता है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र का शुल्क 500 रुपये तय किया गया है। आरक्षित वर्ग के लिए यहां भी आधा शुल्क जमा करना है। इस पद के चुनाव के लिए अधिकतम डेढ़ लाख रुपये खर्च किया जा सकता है।