ओयल। मोहर्रम के दसवीं मेले में कहासुनी होने पर लखीमपुर से आए युवकों ने अवैध असलहे से फायरिंग कर दहशत फैला दी। ग्रामीणों ने फायरिंग करने वाले युवकों में से एक को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया।
गांव जुलाहनपुरवा में बज रहे बाजे के निकट लखीमपुर से आए युवकों का विवाद हो गया। विवाद के बाद ग्रामीण युवकों ने उन्हें खोजना प्रारंभ कर दिया। खोजते-खोजते जब ग्रामीण गुरुखेत के मैदान में लगे मेले में पहुंचे तो वहां वही युवक दिखाई दिए। ग्रामीणों को आता देख एक युवक ने अवैध असलहे से फायरिंग कर दी। फायरिंग होने से मेले में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने फायरिंग करने वाले युवक को धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जामा तलाशी में उसके पास से एक अवैध असलहा बरामद किया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूफियान निवासी मोहल्ला महराज नगर कोतवाली सदर लखीमपुर बताया। इस बाबत थाना खीरी प्रभारी निराला तिवारी ने बताया कि पकड़े गए युवक के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जा रही है।